ePaper

बलिया के दियारा क्षेत्र में गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़, जनजीवन प्रभावित

बलिया/बेगूसराय बलिया प्रखंड क्षेत्र के दियारा इलाके में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है। दियारा क्षेत्र की चार पंचायतों—भवानंदपुर, ताजपुर, परमानंदपुर एवं पहाड़पुर—के लगभग सभी गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। इससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। बाढ़ के पानी के कारण खेतों में लगी फसलें डूब गई हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक नुकसान की चिंता बढ़ गई है। फसल बर्बाद होने की आशंका को लेकर किसानों में मायूसी देखी जा रही है। वहीं, शादीपुर गांव स्थित प्राथमिक उपस्वास्थ्य केंद्र एवं मध्य विद्यालय परिसर में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। इससे स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के उपचार और विद्यालय में पठन-पाठन कार्य प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इधर, बलिया प्रखंड मुख्यालय से मसुदनपुर को जोड़ने वाली सड़क तथा शादीपुर दियारा गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर भी बाढ़ का पानी चढ़ गया है। इससे आवागमन प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों को जरूरी सामान एवं अन्य कार्यों के लिए बाजार आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से आवागमन करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित इलाकों में आवागमन की व्यवस्था, राहत सामग्री, स्वास्थ्य सुविधा तथा प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
Instagram
WhatsApp