ePaper

दिल्ली के व्यापारियों की राहुल गांधी को चिट्ठी, कहा-दिवाली के सीजन में होगा नुकसान, टाल दें 1 नवंबर की रैली

कांग्रेस ने दिल्ली में 1 नवंबर को रामलीला मैदान में महारैली का आयोजन किया है. कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर यह रैली कर रही है. जिसमें इंडिया गठबंधन के कई दल शामिल होंगे. दिल्ली के व्यापारियों ने इस रैली को टालने की मांग की है. दिल्ली में व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन बृजेश गोयल ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी  को एक पत्र लिखा है, जिसमें 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित 10 लाख लोगों की महारैली को दिवाली के बाद शिफ्ट करने की मांग की है. इससे पहले CTI ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भी यही पत्र लिखा था. कांग्रेस ने इस रैली में देशभर से कार्यकर्तांओं को बुलाया है. दरअसल, कल राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके 1 नवंबर को होने वाली दिल्ली की महारैली का ऐलान कर दिया है. उन्होंने व्यापारियों के नाम भी संदेश दिया है हम आपसे प्यार करते हैं. लेकिन आप ज्ञानेश कुमार को हटवाए आंदोलन 30 सेकंड में बंद हो जाएगा. राहुल की पोस्ट के बाद CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि कल राहुल गांधी जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापारियों के नाम संबोधन भेजा था जिसमें उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वो दिवाली के इस पीक सीजन में 1 नवंबर को रैली करके ही दम लेंगे. उनके इस बयान के बाद रामलीला मैदान के आसपास 20 बड़े बड़े बाजारों के व्यापारियों में चिंता और निराशा हो गई है और पैनिक का माहौल पैदा हो गया है. व्यापारियों को डर सता रहा है कि क्या 31 अक्टूबर को ही बैरिकेडिंग हो जाएगी और क्या रास्ते बंद हो जाएंगे, क्या 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को दुकानें खुल पाएंगी और क्या ग्राहक दुकानों पर पहुंच पाएंगे ?व्यापारियों का कहना है कि कांग्रेस की रैली में 10 लाख लोग आने की बात कही जा रही है. 10 लाख लोग आएंगे तो 15000 से 20000 वाहन भी आएंगे, इतने वाहनों की पार्किंग कहां होगी? जबकि रामलीला मैदान के आसपास 200 गाड़ियों की भी अधिकृत पार्किंग नहीं है. ऐसे में दिल्ली के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. CTI ने स्पष्ट किया है कि रामलीला मैदान चारों तरफ से दिल्ली के सबसे बड़े होलसेल और रिटेल बाजारों से घिरा है. रामलीला मैदान तक पहुंचने का हर रास्ता इन्हीं बाजारों से होकर गुजरता है, दिल्ली-6 की गलियां 10-12 फीट चौड़ी हैं, जहां एक ट्रक फंसने से 3 घंटे जाम लगता है.

Instagram
WhatsApp