ePaper

बिहार कांग्रेस की दिल्ली में बड़ी बैठक आज, 6 विधायकों से रूबरू होंगे राहुल गांधी, होगा बड़ा फैसला

बिहार कांग्रेस के 6 विधायकों को दिल्ली तलब किया गया है। आज यानी 23 जनवरी को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर शाम 4:30 बजे बैठक होगी। बैठक का मकसद बिहार में संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा करना और विधायक दल के नेता के चयन को लेकर फैसला करना बताया जा रहा है। दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा है और पार्टी के सिर्फ छह विधायक ही जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। चुनाव परिणाम के बाद से ही पार्टी में अंदरूनी खींचतान और असंतोष की चर्चा तेज है। इस बीच विधायकों के पार्टी छोड़ने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। ऐसे हालात में दिल्ली में बुलाई गई यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के अलावा बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, विधान परिषद में पार्टी के नेता मदन मोहन झा, बिहार से लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसद, सभी छह विधायक और विधान पार्षद शामिल होंगे। कांग्रेस विधायकों की नाराजगी लंबे समय से बनी हुई है। विधायकों का आरोप है कि संगठन और प्रदेश नेतृत्व उनकी बातों को गंभीरता से नहीं ले रहा और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भूमिका सीमित है। इसी वजह से पार्टी में टूट की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। बिहार विधानसभा में कांग्रेस के छह विधायकों में से किसी एक को विधायक दल का नेता चुना जाना है। ऐसे में कांग्रेस की आज की बैठक अहम मानी जा रही है। 23 जनवरी को दिल्ली पहुंचे सभी विधायकों से आलाकमान वन-टू-वन बातचीत करेगा और उनकी नाराजगी के कारणों को समझने की कोशिश की जाएगी। बातचीत के आधार पर संगठन में उनकी भूमिका बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है। पार्टी नेतृत्व विधायकों को यह भी समझाने की कोशिश करेगा कि मौजूदा परिस्थितियों में दूसरी पार्टियों में जाने से उन्हें किन राजनीतिक जोखिमों का सामना करना पड़ सकता है और कांग्रेस में उनके लिए क्या संभावनाएं हैं।

Instagram
WhatsApp