बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सीएम नीतीश एक और बड़ी सौगात देने जा रही है। सीएम नीतीश आज बिहार की 25 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपए ट्रांसफर करेंगे। दरअसल, नीतीश सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की है। इसके तहत आज 3 अक्टूबर को राज्य की करीब 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10,000 की पहली किस्त सीधे ट्रांसफर की जाएगी। पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए राशि भेजेंगे। इस मौके पर दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित कई मंत्री मौजूद रहेंगे। इसके पहले सीएम नीतीश ने पीएम मोदी के साथ 75 लाख महिलाओं के खाते में 10 -10 हजार रुपए ट्रांसफऱ किए थे। महिलाओं को महिला रोजगार योजना का पहली किस्त दिया जा रहा है। सरकार का कहना है कि इस राशि का उद्देश्य महिलाओं को छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना है। राज्य सरकार ने अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक 14 तिथियां तय की हैं, जिनमें हर शुक्रवार को किस्तें भेजी जाएंगी। जरूरत पड़ने पर तिथियों में बदलाव संभव होगा, लेकिन योजना का लाभ लगातार मिलता रहेगा। इस योजना की शुरुआत 26 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से की थी। उस समय 75 लाख महिलाओं के खातों में 10,000 की राशि भेजी गई थी। कार्यक्रम के दौरान कई जीविका दीदियों ने अपनी कहानियां साझा कीं। पीएम मोदी ने जन-धन योजना की अहमियत बताते हुए कहा था कि पहले योजनाओं का पैसा बीच में ही बिचौलियों तक सिमट जाता था, लेकिन अब हर रुपया सीधे खाते में पहुंच रहा है। इस योजना का लाभ लेने के लिए महिलाएं जीविका स्वयं सहायता समूह या ग्राम संगठन के जरिए आवेदन कर सकती हैं। जो महिलाएं किसी समूह से नहीं जुड़ी हैं, वे निर्धारित तिथियों पर सीधे आवेदन जमा कर सकती हैं। पूरी राशि DBT के जरिए सीधे बैंक खातों में आएगी।
