भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पहली बार नितिन नवीन 23 दिसंबर को पटना पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा ने राजधानी में भव्य रोड शो और अभिनंदन समारोह की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार नितिन नवीन दोपहर 12:30 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे रोड शो में शामिल होंगे। यह रोड शो पटना एयरपोर्ट से शुरू होकर मिलर हाई स्कूल मैदान तक जाएगा। मिलर स्कूल के ग्राउंड में उनके सम्मान में एक बड़े अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। रोड शो के दौरान नितिन नवीन हाई कोर्ट के पास स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद भाजपा गोलंबर और इनकम टैक्स चौराहा पर भी वे माल्यार्पण कर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। यह पहला मौका है जब बिहार के किसी नेता को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की कुर्सी मिली है। ऐसे में इस अहम पद पर आसीन होने के बाद पहली बार पटना आगमन के बाद भाजपा इसे खास तरीके से पार्टी संगठन की शक्ति के रूप में पेश करने जा रही है। इसमें रोड शो के साथ पार्टी खास किस्म का संदेश देगी कि कैसे भाजपा में एक साधारण कार्यकर्ता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकता है। पार्टी के भीतर इस बात की भी चर्चा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस रोड शो में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इसको लेकर भाजपा की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यदि अमित शाह की मौजूदगी होती है तो यह कार्यक्रम और भी सियासी रूप से महत्वपूर्ण माना जाएगा। नितिन नवीन का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू होकर संगठन और सरकार तक पहुंचा है। वे पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से 5 बार विधायक रह चुके हैं और बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री जैसे अहम पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। संगठन में उनकी पकड़, आक्रामक शैली और जमीनी कार्यकर्ताओं से मजबूत जुड़ाव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
