ePaper

दिल्ली में रिकॉर्ड 8 डिग्री तक गिरा पारा, पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश से लौटी ठंड

दिल्‍ली एनसीआर का मौसम आजकल गजब फिरकी ले रहा है. शुक्रवार से शनिवार के बीच के अगर दिल्‍ली एनसीआर के तापमान की तुलना करें, तो आपको पता चल जाएगा कि मौसम कितनी तेजी से करवट ले रहा है. शनिवार को शुक्रवार के मुकाबले दिल्ली में न्यूनतम तापमान में 8.2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली है. शुक्रवार को जहां बारिश होने के बावजूद ऐसा लग रहा था कि अब ठंड की विदाई होने जा रही है, लेकिन शनिवार को सुबह से ही शीतलहर ने बता दिया कि ठंड अभी कुछ दिनों तक और ठिठुराएगी.शुक्रवार को उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फ़बारी के बाद शनिवार को मौसम में सुधार हुआ है. लेकिन उत्तर पश्चिम भारत के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान घट गया है, जिसकी वजह से ठंड बढ़ गयी है. भारत मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में दिल्ली में मौसम काफी बदला है. शनिवार को सुबह 0830 बजे, दिल्ली के आयानगर में न्यूनतम तापमान में गिरावट 8.2 डिग्री सेल्सियस की रही. वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान में गिरावट 7.3 डिग्री सेल्सियस, दिल्ली के रिज में न्यूनतम तापमान में गिरावट 7.1 डिग्री सेल्सियस और पालम में न्यूनतम तापमान में गिरावट 6.2 और सफदरजंग में 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा.  दिल्‍ली से सटे हरियाणा में भी तापमान में आज काफी गिरावट देखने को मिली है. मैदानी इलाकों में हरियाणा के हिसार में आज सुबह 8:30 बजे सबसे कम 1.6 डिग्री सेल्सियस में न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है, जो नार्मल से 5.4 डिग्री सेल्सियस कम है. राजस्थान के जैसलमेर में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट -5.4  डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान में गिरावट 3.3 डिग्री सेल्सियस रही. पंजाब के पटियाला में न्यूनतम तापमान में गिरावट 2.9 डिग्री सेल्सियस रही. राजस्थान के श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान में गिरावट 2.7 डिग्री सेल्सियस रही. वहीं, राज्‍य के पिलानी में न्यूनतम तापमान में गिरावट 2.4 डिग्री सेल्सियस रही. कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में ताजा बर्फबारी हुई, और श्रीनगर में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई है. बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया और यहां से 20 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि घाटी के ऊपरी इलाकों और ऊंचे क्षेत्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई. उन्होंने बताया कि शहर के ऊपरी इलाकों में लगभग दो इंच बर्फबारी हुई, जबकि श्रीनगर हवाई अड्डे के आसपास के इलाकों में तीन से चार इंच बर्फबारी दर्ज की गई. अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्कीइंग रिसॉर्ट गुलमर्ग में दो फुट से अधिक ताजा बर्फबारी हुई, जबकि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग पर्यटक रिसॉर्ट में छह इंच से अधिक और दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित पहलगाम रिसॉर्ट में लगभग तीन इंच बर्फ गिरी.

Instagram
WhatsApp