ePaper

पू. सी. रेल ने गुवाहाटी में विश्व स्तरीय एक्जीक्यूटिव लाउंज खोला

यात्रियों के लिए एक विशेष सुविधा

 मालीगांव, 22 दिसंबर, 2023:

पूर्वोत्तर सीमा रेल (पू. सी. रेल) ने हाल ही में गुवाहाटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक के भूतल पर एक नया विश्वस्तरीय एक्जीक्यूटिव लाउंज खोला है। पू. सी. रेल के महाप्रबंधक श्री चेतन कुमार श्रीवास्तव ने मुख्यालय और मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इस नई यात्री सुविधा का उद्घाटन किया। गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर बने इस नए एक्जीक्यूटिव लाउंज में एक समय पर 92 व्यक्तियों के बैठने की क्षमता है। ट्रेनों का इंतजार करने वाले यात्रियों को इससे बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

गुवाहाटी रेलवे स्टेशन में इस नए एक्जीक्यूटिव लाउंज ने प्रवेश और निकासी करने वाले यात्रियों के आराम फरमाने के लिए एक शानदार स्थान प्रदान किया है। नए एक्जीक्यूटिव लाउंज में पूर्ण रूप से वातानुकूलित सुविधाएं, सोफा सेट, म्यूजिकल सिस्टम के साथ एलईडी टेलीविजन, एक ट्रैवेल डेस्क, मुफ्त वाई-फाई, एक छोटा अमानती सामान घर, पेय-सह-स्नैक्स स्टॉल समेत काफी कुछ उपलब्ध है। पू. सी. रेल ने अपने जोन के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर इस तरह के एक्जीक्यूटिव लाउंज विकसित किए हैं, ताकि राष्ट्रीय और घरेलू यात्रियों को आरामपूर्वक और गुणवत्ता के साथ अपना प्रतीक्षा समय बिताने का मौका मिल सके।

गुवाहाटी रेलवे स्टेशन, पूर्वोत्तर के सबसे महत्वपूर्ण स्टेशनों में से एक है। यह पू. सी. रेल का सर्वाधिक आय प्रदान करने वाला स्टेशन भी है। गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर यह नवनिर्मित एक्जीक्यूटिव लाउंज बिजनेस क्लास यात्रियों सहित अन्य यात्रियों को कई सुविधाएं प्रदान करता है। 1 घंटे के लिए 30 रुपये न्यूनतम शुल्क और इसके बाद प्रति घंटे बढ़ोतरी पर अतिरिक्त 20 रुपये शुल्क पर यात्री नए एक्जीक्यूटिव लाउंज में हवाईअड्डे जैसी लाउंज सुविधाओं का अनुभव कर सकते हैं। यात्री यहां पर सशुल्क स्नान और कपड़े बदलने की सुविधा, नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना प्राप्त कर सकते है।

पूर्वोत्तर क्षेत्र का सबसे बड़ा शहर होने के साथ-साथ गुवाहाटी भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के प्रवेश द्वार के रूप में सेवा प्रदान करता  है। इस शहर के मध्य स्थित गुवाहाटी रेलवे स्टेशन इस क्षेत्र के लिए कनेक्टिविटी केंद्र के रूप में सेवारत है। इन नई सुविधाओं के साथ इस स्टेशन ने यात्रियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने की अपनी सूची में एक और उपलब्धि को शामिल किया है।

Instagram
WhatsApp