पटना, तुर्किश एयरलाइंस, जो दुनिया में सबसे अधिक देशों के लिए उड़ान भरने वाली एयरलाइन है, ने रोमानिया के टिमिशोआरा के लिए उड़ानों की शुरुआत की है। इसके साथ ही बुखारेस्ट, क्लुज-नापोका और कॉन्स्टांटा के बाद यह देश में एयरलाइन का चौथा गंतव्य बन गया है। टिमिशोआरा के लिए सप्ताह में पांच उड़ानों के साथ रोमानिया में तुर्किश एयरलाइंस की कुल साप्ताहिक उड़ानों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। इस नए रूट के शुभारंभ के अवसर पर टिमिशोआरा ट्रायन वुइया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें तुर्किश एयरलाइंस और एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने में इस नई सेवा के महत्व पर जोर दिया गया। इस लॉन्च पर टिप्पणी करते हुए तुर्किश एयरलाइंस के सीईओ बिलाल एक्शी ने कहा, रोमानिया, पूर्वी यूरोप में टर्किश एयरलाइंस के लिए एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाजार बना हुआ है। टिमिशोआरा के लिए उड़ानों की शुरुआत के साथ हम देश के चौथे शहर में अपनी उपस्थिति बढ़ा रहे हैं, जिससे हमारे मेहमानों को अधिक यात्रा विकल्प मिलेंगे और इस्तांबुल-केंद्रित हमारे वैश्विक नेटवर्क तक उनकी पहुंच और मजबूत होगी। हमें विश्वास है कि यह नया रूट क्षेत्र में व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देगा। रोमानिया के पश्चिमी हिस्से में बेगा नदी के किनारे स्थित टिमिशोआरा अपनी समृद्ध ऐतिहासिक विरासत और बहुसांस्कृतिक पहचान के लिए प्रसिद्ध है। लिटिल विएना के नाम से जाना जाने वाला यह शहर अपने विशाल चौकों और जीवंत सांस्कृतिक माहौल के लिए पर्यटकों को आकर्षित करता है। यूनियन स्क्वायर (पियाता यूनिरी) और विक्ट्री स्क्वायर (पियाता विक्टोरीई) जैसे प्रमुख स्थल शहर को एक विशिष्ट पहचान देते हैं। वर्ष 2023 में ‘यूरोपियन कैपिटल ऑफ कल्चर’ चुना गया टिमिशोआरा पर्यटन और व्यापार दोनों के लिए एक प्रमुख केंद्र बना हुआ है। टिमिशोआरा के लिए उड़ानों की शुरुआत के साथ टर्किश एयरलाइंस ने रोमानिया में अपनी उपस्थिति को और मजबूत किया है और यात्रियों को इस्तांबुल के माध्यम से 358 वैश्विक गंतव्यों तक पहुंच प्रदान की है।
