कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया पर कदम रखा है. हाल ही में ( 22 अक्टूबर 2026 में) उन्होंने इंस्टाग्राम पर डेब्यू किया था. उन्होंने अपने पहले वीडियो पोस्ट में आने वाली आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक साझा की थी, वहीं अब उन्होंने एक्स (X) पर डेब्यू किया है. उन्होंने एक्स पर अकाउंट बनाया है और पहला पोस्ट अपनी आने वाली किताब के बारे में किया जो 10 नवंबर को आएगी. सोनिया गांधी ने एक्स (X) पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें नो अपनी आत्मकथा के बारे में बात करती नजर आ रही हैं. उन्होंने अपने कैप्शन में लिखा ‘ कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में मेरी प्रेम-यात्रा शुरू हुई. राजीव और मैंने प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई. 10 नवंबर को, मैं उस दुनिया को आपके साथ साझा कर रही हूं’.कांग्रेस नेता अपने दिवंगत पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की खूबसूरती की तारीफ करती हैं और कहती हैं कि वो बेहद गुड लुकिंग थे. वीडियो में उन्होंने अपनी जिंदगी के यादगार और खूबसूरत पलों को शेयर किया. इस वीडियो में उनकी और राजीव गांधी की पुरानी तस्वीरों को संजोया गया है. वो उस रेस्टोरेंट के बारे में भी बताती हैं, जहां राजीव गांधी के साथ उनकी पहली मुलाकात हुई थी. सोनिया गांधी कहती हैं ‘इंग्लैंड में खाना बहुत खराब था. उन दिनों आज की तरह इतने सारे रेस्तरां नहीं हुआ करते थे. इसलिए मैं हमेशा ऐसी जगह की तलाश में रहती थी जहां मुझे अपने पसंद का खाना मिल सके – यानी इटैलियन खाना’. इसके आगे वो कहती हैं ‘फिर हमें एक ऐसी जगह मिली. यह एक ग्रीक रेस्तरां था जहां कई छात्र खासकर यूरोपीय और भारतीय छात्र खाना खाने जाया करते थे. और उसी रेस्तरां में मेरी मुलाकात राजीव से हुई’.राजी गांधी से अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए उन्होंने बताया ‘जब मैं उनसे पहली बार मिली, तो मुझे तुरंत ही महसूस हो गया कि वो ऐसे इंसान हैं जिनके साथ रहना मुझे बहुत अच्छा लगेगा. और बाद में मुझे पता चला कि उनके मन में भी बिल्कुल यही बात थी’. उन्होंने आगे कहा ‘मुझे याद है, जब हम पहली बार मिले थे, तो हमारे एक कॉमन दोस्त ने हमारा परिचय कराया था. फिर हम दोस्त बन गए, साथ मिलकर पार्टियों में जाने लगे, घूमने-फिरने लगे…’.कांग्रेस नेता ने बताया ‘हम एक वैलेंटाइन पार्टी में गए, जहां बहुत सारे छात्र मौजूद थे. वो देखने में बहुत ही सौम्य इंसान लग रहे थे. वो दिखने में तो बहुत अच्छे थे ही, लेकिन उनके स्वभाव की वह सौम्यता भी साफ झलक रही थी. इसी बात ने मुझे गहराई से प्रभावित किया’. उन्होंने कहा कि ‘इसलिए, उनसे पहली बार मिलने का वो पल मैं कभी नहीं भूल सकती’.वीडियो के आखिर में में सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के बारे में जानकारी दी गई है, जो 10 नवंबर को रिलीज हो रही है. इस किताब में 79 साल की कांग्रेस की दिग्गज नेता, जिन्हें पार्टी की सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाली अध्यक्ष होने का गौरव प्राप्त है, इटली में अपने बचपन, कैम्ब्रिज में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते और अपनी सास, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पति राजीव गांधी की हत्याओं को याद करती हैं.
