गोपालगंज। विश्वविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक अनियमितताओं, परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी एवं कथित धांधली तथा छात्रों की मूलभूत समस्याओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), हथुआ इकाई द्वारा गोपेश्वर महाविद्यालय, हथुआ में धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था में लगातार सामने आ रही समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को मानसिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सत्र 2025-29 के विद्यार्थियों का अंकपत्र अब तक उपलब्ध नहीं होने तथा जिन विद्यार्थियों को अंकपत्र मिला है, उनमें त्रुटियां होने से छात्र परेशान हैं। वहीं, सत्र 2024-28 के परीक्षा परिणामों में भी गड़बड़ियों की शिकायतों से विद्यार्थियों में असंतोष व्याप्त है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा परिणामों में त्रुटियों के कारण कई विद्यार्थियों को बार-बार विश्वविद्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। कुछ विद्यार्थियों को अनुपस्थित दर्शाने या प्रमोटेड किए जाने से संबंधित शिकायतों ने भी उनकी परेशानी बढ़ा दी है। अभाविप ने इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन को परीक्षा परिणामों में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए तथा अंकपत्रों में सुधार, लंबित अंकपत्रों का वितरण और अन्य शैक्षणिक समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना चाहिए। अभाविप ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि परीक्षा नियंत्रक एवं कुलपति सहित संबंधित पदाधिकारी छात्रहित के इन गंभीर मुद्दों पर संज्ञान लें और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करें। अभाविप हथुआ इकाई ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के अधिकार, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य की रक्षा के लिए परिषद लगातार संघर्ष करती रहेगी और जब तक छात्रों की जायज समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने में मुख्य रूप से* छात्रावास कल्याण प्रमुख (उत्तर बिहार) दीपक रॉय, विभाग संयोजक नवीन सोलंकी, जिला सह-संयोजक प्रतीक मिश्रा, कॉलेज अध्यक्ष अभिनंदन कुमार, कार्यकारिणी सदस्य अमित कुमार, कॉलेज उपाध्यक्ष यश कुमार, सोशल मीडिया प्रमुख सूरज कुमार, प्रमेन्द्र कुमार, तनु कुमारी, निर्जला कुमारी सहित सैकड़ों छात्र उपस्थित थे।
