पटना में लोगों की सेहत और खानपान की गुणवत्ता को लेकर खाद्य संरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की टीम ने 29 अक्टूबर 2026 को राजधानी के अलग-अलग इलाकों में सात खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई होटल और रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। कहीं शाकाहारी और मांसाहारी भोजन एक ही फ्रिज में रखा मिला, तो कहीं रसोई की साफ-सफाई, ड्रेनेज और खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण में गंभीर कमियां पाई गईं।निरीक्षण के दौरान विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए, कुछ सामग्री जब्त कर नष्ट कराई और संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार के निर्देश दिए। विभाग की इस कार्रवाई से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। एम्स गोलंबर, फुलवारीशरीफ स्थित कैफे 7 गार्डन (प्राइड विहार स्नैक्स) के निरीक्षण में चना दाल और हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।जांच के दौरान प्रतिष्ठान में कई जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। इनमें एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण संख्या, पानी की जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र और FoSTaC प्रशिक्षण प्रमाणपत्र शामिल हैं।इसके अलावा शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने की उचित व्यवस्था नहीं मिली। खाद्य सामग्री के भंडारण में FIFO और FEFO प्रणाली का भी पालन नहीं किया जा रहा था। अनीसाबाद बाइपास क्रॉसिंग के निकट स्थित होटल पाटलिपुत्र कॉन्टिनेंटल की जांच में खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत निर्धारित Schedule IV के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया।निरीक्षण के दौरान शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक ही फ्रिज में रखी मिली। खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण को लेकर इस लापरवाही पर विभाग ने गंभीरता दिखाई। फुलवारीशरीफ के वाल्मी स्थित होटल द रॉयल बिहार (आरईपीएल हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड की इकाई) में निरीक्षण के दौरान कई खाद्य सामग्रियों को जब्त कर नष्ट कराया गया।जब्त सामग्रियों का कुल मूल्य 2774 रुपये दर्ज किया गया। इसके अलावा किशमिश, बादाम और पनीर के नमूने भी जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। विशाल नगर, एम्स गेट नंबर-1, फुलवारीशरीफ स्थित होटल जी डायमंड का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान साफ-सफाई को लेकर कमियां सामने आईं। विभाग ने प्रतिष्ठान को नोटिस जारी कर स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। एम्स गोलंबर के निकट कोरजी स्थित द आर्च रेस्टोरेंट के निरीक्षण में रसोई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। यहां साफ-सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था में कमी पाई गई।इसके अलावा पानी की जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण रिपोर्ट तथा FIFO और FEFO प्रणाली से जुड़े मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली।
