उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में शुक्रवार को लखनऊ में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और पार्टी के राजनीतिक एजेंडे पर चर्चा होगी. भाजपा इस बैठक के जरिए संगठन को मजबूत करने और लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का रास्ता तैयार करने पर जोर देगी. बैठक का उद्घाटन अमित शाह करेंगे, जबकि समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन से होगा. डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में होने वाली बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी करेंगे. बैठक को तीन सत्रों में आयोजित किया जाएगा. दूसरे सत्र में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, राजनीतिक एजेंडे और पार्टी के सामने मौजूद प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी. इसके साथ ही संगठन के कामकाज की समीक्षा की जाएगी. जिन क्षेत्रों और बूथों पर भाजपा की स्थिति कमजोर है, वहां संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने की योजना बनाई जाएगी. बैठक में भाजपा की ओर से राजनीतिक प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा. इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, गरीबों के लिए किए गए काम, सुशासन और सरकार के प्रमुख फैसलों को सामने रखा जाएगा. पार्टी इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा करेगी. विधानसभा चुनाव से पहले यह बैठक इसलिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसके जरिए संगठन की तैयारियों का आकलन होगा और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए जिम्मेदारियां और दिशा दी जाएगी. बैठक की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और प्रदेश सह-प्रभारियों मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान बैठक के एजेंडे और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया. पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी को जहां कमजोरी है, वहां अधिक मेहनत करने के मंत्र के साथ आगे बढ़ना है. कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह-प्रभारी जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी शामिल होंगे. बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ विधायक, एमएलसी, सांसद प्रत्याशी, 2022 के विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, महापौर और जिला पंचायत अध्यक्ष भी पहुंचेंगे. इसके अलावा जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री और सभी मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी बैठक में हिस्सा लेंगे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को करीब चार घंटे लखनऊ में रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह 11 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक उनका स्वागत करेंगे. इसके बाद अमित शाह डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय पहुंचकर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करेंगे. बैठक में शामिल होने के बाद वह दोपहर करीब 3 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.
