बदायूं, 3 अगस्त। इंतजार हुसैन।
बदायूं में विद्युत व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने अंडरग्राउंड फॉल्ट लोकेशन मशीन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल बदायूं सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य निरंतर गति से आगे बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में बदायूं को अत्याधुनिक अंडरग्राउंड फॉल्ट लोकेशन मशीन की सौगात मिली है, जिससे शहर की विद्युत व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनेगी।
उन्होंने बताया कि इस मशीन की सहायता से अंडरग्राउंड केबलों में आने वाले फॉल्ट का सटीक स्थान कम समय में पता लगाया जा सकेगा। पहले फॉल्ट का पता लगाने में अधिक समय लगने के कारण विद्युत आपूर्ति बहाल होने में विलंब होता था और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब नई तकनीक के माध्यम से फॉल्ट का शीघ्र पता लगाकर त्वरित मरम्मत की जा सकेगी, जिससे बिजली आपूर्ति जल्द बहाल होगी।
विद्युत विभाग ने इस कार्य के लिए एम/एस दुर्गेश चंदेल एवं एम/एस राहत एंड ब्रदर्स को टेंडर प्रदान किया है। ये फर्में आधुनिक तकनीक का उपयोग कर फॉल्ट का सटीक निर्धारण एवं त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करेंगी, जिससे शहरवासियों को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर डीसीबी चेयरमैन जे.के. सक्सेना, अधीक्षण अभियंता अजय, एसडीओ अरविंद, मंडल अध्यक्ष गोपाल शर्मा, सभासद दीपक सक्सेना, जे.पी. सोलंकी, सुरेश शर्मा, देवेश शर्मा, हेमेंद्र पटेल, जितेन्द्र गिरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
