ePaper

पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल द्वारा ‘पेंशन अदालत’ का आयोजन

   मुंबई, 16 दिसंबर, 2024

पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल द्वारा 16 दिसंबर, 2024 को वर्ष की दूसरी पेंशन अदालत का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। पेंशन अदालत में कई रेलवे पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स ने भाग लिया, जिनमें 38 पंजीकृत पेंशनर्स शिकायतों और 3 पेंशनर्स शिकायतों का निवारण किया गया। इस अवसर पर मुंबई सेंट्रल के मंडल रेल प्रबंधक  श्री नीरज वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती आरती सिंह परिहार और कार्मिक तथा लेखा विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक श्री वर्मा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पेंशन अदालत पेंशनभोगियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण तंत्र है। श्री वर्मा ने आगे कहा कि हमारे पेंशनभोगी हमारी अमूल्य संपत्ति हैं और हमारा उद्देश्य उनकी शिकायतों का शीघ्र निवारण करना तथा उन्हें बेहतर सेवा प्रदान करना है। उन्होंने यह भी बताया कि कार्मिक एवं लेखा विभाग के समर्पित प्रयासों के कारण शिकायतों की संख्या में पहले की तुलना में काफी कमी आई है। श्री वर्मा ने आश्वासन दिया कि पेंशनभोगियों की समस्याओं का ध्यान रखा जाएगा तथा उन्हें पूर्ण सहायता प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान पेंशनर्स की शिकायतों को सुना गया तथा उनकी गहन जांच कर उनका समाधान किया गया। उल्लेखनीय है कि कुल 38 पंजीकृत मामलों में से 26 मामलों का समाधान किया गया, जबकि शेष 12 मामलों का तत्काल समाधान किया गया।

Instagram
WhatsApp