हिंदी सिनेमा के ही मैन धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने 89 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है और इसी के साथ हिंदी सिनेमा के एक युग का भी अंत हो गया। अभिनेता लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बीती रात उन्हें सांस लेने में तकलीफ के चलते वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया था। धर्मेंद्र के निधन पर देश भर में शोक व्याप्त है। इस दौरान देश के तमाम राजनीतिक हस्तियों ने भी शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “वरिष्ठ अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक थे, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर में कई यादगार प्रस्तुतियां दीं। भारतीय सिनेमा की एक प्रतिष्ठित हस्ती के रूप में, वे अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की युवा पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।” पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है। वे एक प्रतिष्ठित फ़िल्मी हस्ती, एक अद्भुत अभिनेता थे जिन्होंने अपनी हर भूमिका में आकर्षण और गहराई भर दी। जिस तरह से उन्होंने विविध भूमिकाएं निभाईं, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए भी समान रूप से प्रशंसित थे। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर कहा, “अपने बहतरीन अभिनय से 6 दशकों तक हर देशवासी के दिल को छूने वाले धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। एक सामान्य परिवार से आकर उन्होंने फिल्म जगत में अपनी अमिट पहचान बनाई। धर्मेंद्र जी उन चुनिंदा अभिनेताओं में से एक रहे, जिन्होंने जिस किरदार को छुआ, वह जीवंत बन उठा और अपनी इसी कला के माध्यम से उन्होंने हर आयु-वर्ग के करोड़ों दर्शकों का दिल जीता। अपने अभिनय से वे सैदव हमारे बीच रहेंगे। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
दिग्गज फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र का निधन, राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने जताया शोक;
