ePaper

भारत-चीन सीमा पर आमने-सामने हैं सेनाएं! ITBP DG शत्रुजीत सिंह कपूर का बड़ा खुलासा

भारत और चीन के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर चर्चा में है. अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में जुलाई से ही भारतीय और चीनी सैनिक आमने-सामने हैं. भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने इसकी सार्वजनिक रूप से पुष्टि की है. सीमा पर जारी इस तनाव के बीच ITBP अब ड्रोन, आधुनिक युद्ध प्रशिक्षण और भूमिगत बंकरों के जरिए अपनी तैयारियां मजबूत कर रही है. आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने राजस्थान के अलवर में जवानों को संबोधित करते हुए अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों की स्थिति पर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि असफिला समेत कई क्षेत्रों में चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के सैनिकों की मौजूदगी के कारण तनाव बना हुआ है. कपूर के मुताबिक, कुछ स्थानों पर चीनी सैनिकों ने भारत की समझ वाली वास्तविक नियंत्रण रेखा से करीब छह से सात किलोमीटर दूर अपने तंबू लगा रखे हैं. जुलाई से जारी इस आमने-सामने की स्थिति को देखते हुए सीमा पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है.सीमा पर बदलती परिस्थितियों को देखते हुए ITBP अपनी रणनीति में बदलाव कर रही है. अब पारंपरिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के साथ आधुनिक तकनीक और नए युद्धकौशल पर भी ध्यान दिया जा रहा है. ITBP ड्रोन प्लाटून तैयार कर रही है. इसके साथ ही जवानों को स्ट्राइक ट्रेनिंग दी जा रही है और भूमिगत बंकरों का निर्माण किया जा रहा है. इन तैयारियों का उद्देश्य दुर्गम सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी, सुरक्षा और किसी भी चुनौती से निपटने की क्षमता बढ़ाना है. ITBP प्रमुख ने कहा कि युद्ध के तौर-तरीके बदल रहे हैं. ऐसे में सीमा की सुरक्षा के लिए केवल पारंपरिक तरीकों पर निर्भर नहीं रहा जा सकता. आधुनिक तकनीक और नए सैन्य कौशल को अपनाना जरूरी है भारत-तिब्बत सीमा पुलिस का गठन 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद किया गया था. यह बल करीब 3,488 किलोमीटर लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा के विभिन्न हिस्सों में भारत की सीमाओं की सुरक्षा करता है. अरुणाचल प्रदेश जैसे दुर्गम क्षेत्रों में ऊंचे पहाड़, कठिन मौसम और सीमित पहुंच सुरक्षा बलों के सामने अतिरिक्त चुनौतियां पैदा करते हैं. ऐसे में ड्रोन से निगरानी, बेहतर प्रशिक्षण और सुरक्षित बंकरों की व्यवस्था सीमा पर तैनात जवानों की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है.

Instagram
WhatsApp