प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी अब बिहार से बाहर भी अपना संगठन खड़ा करने की तैयारी में है. पार्टी के विस्तार के लिए दिल्ली को पहला बड़ा केंद्र बनाया जा रहा है. द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रशांत किशोर रविवार को दिल्ली में जन सुराज समर्थकों से मुलाकात कर सकते हैं. इस दौरान दिल्ली यूनिट के लिए एक स्टीयरिंग कमेटी का ऐलान होने की उम्मीद है. यह कमेटी दिल्ली में पार्टी के संगठन को खड़ा करने और उसकी शुरुआती गतिविधियों की निगरानी करेगी. इसके साथ ही दिल्ली में पदाधिकारियों की नियुक्ति और औपचारिक पार्टी यूनिट बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. रिपोर्ट के मुताबिक, जन सुराज दिल्ली में अपने ऑफिस के लिए जगह भी तलाश रही है और कुछ जगहों को शॉर्टलिस्ट किया गया है. जन सुराज की योजना दिल्ली में अगले कुछ सालों में होने वाले प्रमुख चुनावों में उतरने की है. पार्टी 2027 के दिल्ली नगर निगम यानी MCD चुनाव से अपनी चुनावी शुरुआत करना चाहती है. इसके बाद 2029 के लोकसभा चुनाव और 2030 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी उम्मीदवार उतारने की योजना है.दिल्ली यूनिट की प्रस्तावित स्टीयरिंग कमेटी को इसी विस्तार की शुरुआती कड़ी माना जा रहा है. पार्टी से जुड़े लोगों के मुताबिक, कमेटी का काम संगठन तैयार करना, पदाधिकारियों की नियुक्ति करना और दिल्ली में पार्टी का ढांचा खड़ा करना होगा. दिल्ली में जन सुराज के विस्तार के दौरान पूर्वांचल से आने वाली बड़ी आबादी पर भी ध्यान रहने की बात कही जा रही है. हालांकि, पार्टी के प्रतिनिधियों का कहना है कि संगठन को सिर्फ किसी एक सामाजिक समूह तक सीमित नहीं रखा जाएगा. पार्टी दिल्ली में अलग-अलग सामाजिक और आर्थिक वर्गों के लोगों को जोड़ने की कोशिश करेगी.दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर शांतनु कुमार ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि फिलहाल दिल्ली में पार्टी का औपचारिक संगठन नहीं है, लेकिन समर्थक लोगों के बीच पहुंचकर प्रशांत किशोर का संदेश और विजन पहुंचा रहे हैं. उनके मुताबिक, लोगों की प्रतिक्रिया सकारात्मक रही है. जन सुराज पार्टी की औपचारिक शुरुआत 2 अक्टूबर 2024 को हुई थी. इससे पहले प्रशांत किशोर करीब दो साल तक बिहार में जन सुराज अभियान के तहत पदयात्रा कर चुके थे. पार्टी ने नवंबर 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में पहली बार चुनाव लड़ा. पार्टी ने 243 में से 238 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन कोई सीट नहीं जीत सकी. इसके बाद 2026 में प्रशांत किशोर ने पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ा और जीत हासिल की. वह फिलहाल बांकीपुर से विधायक हैं.
