ePaper

नीतीश कुमार की आखिरी कैबिनेट बैठक बनी यादगार, कोई भावुक हुआ तो किसी की आँखें छलकी, ऐसे दी विदाई

नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को बिहार कैबिनेट की अहम बैठक मुख्य सचिवालय में आयोजित हुई। करीब 20 मिनट तक चली इस बैठक में सबसे अहम निर्णय वर्तमान नीतीश सरकार को भंग करने को लेकर लिया गया। कैबिनेट में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी, जिसके बाद अब सरकार के औपचारिक रूप से समाप्त होने का रास्ता साफ हो गया है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपेंगे।  आखिरी कैबिनेट बैठक को यादगार बनाने के लिए मंत्रियों और अधिकारियों ने नीतीश कुमार के साथ ग्रुप फोटोग्राफी कराई। नीतीश कुमार ने एक तस्वीर अपने मंत्रियों के साथ खिंचवाई। इसमें उनके साथ बैठक में मौजूद सभी मंत्रियों ने ग्रुप फोटोग्राफी कराई। वहीं दूसरी तस्वीर में बिहार के सभी वरीय आईएएस और आईपीएस अधिकारी मौजूद रहे जिन्होंने नीतीश कुमार और दोनों उप मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर खिंचवाई। यह मंत्रियों और अधिकारियों के लिए एक यादगार अवसर रहा।  नीतीश कुमार जो वर्ष 2005 से बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं। (जीतन राम मांझी की एक छोटी अवधि को छोड़कर) उनके साथ कई मंत्री और अधिकारी तब से ही काम कर रहे हैं. विजेंद्र यादव, विजय चौधरी, मंगल पांडेय, श्रवण कुमार जैसे मंत्री शुरूआती दौर से ही नीतीश के मंत्रिमंडल में रहे हैं। इसी तरह लेसी सिंह लंबे अरसे तक नीतीश मंत्रिमंडल की महिला मंत्री रही हैं। अशोक चौधरी, सुनील कुमार, दिलीप जायसवाल, संतोष सुमन आदि भी उनके मंत्रिमंडल में लोकप्रिय रहे हैं। श्रेयसी सिंह, दीपक प्रकाश जैसे युवा पहली बार मंत्री जो अब नीतीश को विदाई दे रहे हैं।  इसी तरह मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार सहित मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि आदि भी नीतीश के साथ लंबे समय तक काम करने वाले रहे है. सभी आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के साथ नीतीश कुमार ने फोटोग्राफी कराई और आज की अंतिम कैबिनेट बैठक को यादगार बना दिया। बाद में मुख्य सचिवालय से प्रस्थान करते समय पोर्टिको में नीतीश कुमार ने सबका अभिवादन किया। इस दौरान कई मंत्री, अधिकारी काफी भावुक दिखे। सूत्रों के अनुसार नीतीश कुमार के सामने ही कई मंत्री और अधिकारी की आँखें भी छलक आई क्योंकि 20 साल से ज्यादा पुराना नीतीश का साथ अब छूटने जा रहा है।नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया होगी। मिली जानकारी के अनुसार, इस बार सत्ता की कमान भाजपा के हाथों में जाएगी और पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा तय किया जाएगा। सूत्रों की ओर से दावा किया जा रहा है उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नाम पर केंद्रीय नेतृत्व से सहमति बन गई है। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को लोक भवन में आयोजित किया जाएगा, जहां राज्यपाल नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

Instagram
WhatsApp