ePaper

रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से 70 तस्वीरें हटाने का आरोप, बेटे के समर्थन में प्रियंका गांधी बोली- तुम सच के साथ खड़े हो

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के बीकानेर हाउस में उनकी एकल प्रदर्शनी शुरू होने से पहले दिल्ली में हाल ही में हुए विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी कई तस्वीरें हटा दी गईं। रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शनी से करीब 70 तस्वीरें हटाए जाने का दावा किया गया है। इस मामले पर प्रियंका गांधी ने अपने बेटे का समर्थन करते हुए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठाए हैं इसके साथ ही रेहान ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “उन्होंने मुझसे तिरंगे की दो तस्वीरें हटाने के लिए भी कहा। मैंने मना कर दिया। मैं भारतीय तिरंगे की तस्वीर नहीं हटाऊँगा। फिलहाल यह शो आंशिक रूप से ही चलेगा, लेकिन मैं कोई दूसरी जगह ढूँढूँगा और विरोध-प्रदर्शन की तस्वीरों का पूरा कलेक्शन वहाँ प्रदर्शित करूँगा।” प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बेटे रेहान के समर्थन में एक पोस्ट लिखी। उन्होंने लिखा, “जब सत्ता में बैठा कोई व्यक्ति किसी दूसरे की अभिव्यक्ति से डरने लगता है, तो शायद उसे एहसास भी नहीं होता कि वह उसी सत्ता को खो चुका है, जिसे बचाने की कोशिश कर रहा है। तुम सच के साथ खड़े रहो, और हर खूबसूरत चीज खुद-ब-खुद तुम्हारे पास आ जाएगी। मुझे तुम पर गर्व है, और हमेशा रहेगा।” इसके  साथ ही उन्होंने अपने संदेश के अंत में मां के तौर पर बेटे के प्रति अपना स्नेह भी जाहिर किया। रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से हटाई गई तस्वीरें हाल में दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी थीं। तस्वीरों को हटाए जाने के आरोप के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या प्रदर्शनी में शामिल की जाने वाली तस्वीरों की विषयवस्तु को लेकर आपत्ति जताई गई थी। हालांकि, तस्वीरें हटाने के पीछे के कारण का बीकानेर हाउस प्रशासन की ओर से अभी कोई बयान सामने नहीं आया है।

 

Instagram
WhatsApp