गोपालगंज विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा समाहरणालय परिसर से अंबेडकर भवन तक निकाली गई। तिरंगा यात्रा में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ, पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी, उप विकास आयुक्त गौरव कुमार सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, माताओं-बहनों, एनडीए कार्यकर्ताओं एवं आमजन की सहभागिता रही। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भारत माता की जय के जयघोष किए। तिरंगे की आन, बान और शान के साथ निकली इस यात्रा के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत नजर आया। जगह-जगह लोगों में तिरंगे को लेकर उत्साह और गर्व देखने को मिला। यात्रा ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं अटूट संकल्प का जीवंत संदेश दिया। इस अवसर पर कृषि मंत्री सह प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, वीर जवानों के बलिदान तथा करोड़ों भारतीयों की आशाओं और आकांक्षाओं का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करने का माध्यम है। जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिलेवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की गई। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देश की एकता एवं अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया। भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ जैसे देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा ने गोपालगंज में स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव का उत्साहपूर्ण वातावरण तैयार कर दिया।
