उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर हुई विस्फोट की घटना ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी. चौकी परिसर में रखी एक संदिग्ध वस्तु अचानक तेज आवाज के साथ फट गई. धमाके के दौरान वहां मौजूद एक डिलीवरी ब्वॉय कांच के टुकड़ों की चपेट में आकर घायल हो गया. घटना के वक्त चौकी में एक उपनिरीक्षक भी मौजूद थे. अचानक हुई इस घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की जानकारी मिलने पर इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने चौकी परिसर का निरीक्षण कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई. अधिकारियों ने संदिग्ध वस्तु और विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू करा दी है. पुलिस के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञ भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रहे हैं. जांच का मुख्य बिंदु यह है कि आखिर चौकी के भीतर मौजूद वस्तु में विस्फोट कैसे हुआ और उसमें कौन सा पदार्थ या सामग्री इस्तेमाल की गई थी. फिलहाल विस्फोट की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक जांच का इंतजार कर रही है. चौकी और आसपास के क्षेत्र में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संदिग्ध सामान चौकी तक कैसे पहुंचा और उसे वहां कौन लेकर आया था. अधिकारियों के मुताबिक मामले की सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है. धमाके के दौरान कांच के टुकड़े लगने से घायल हुए डिलीवरी कर्मी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे उपचार दिलाया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
