ePaper

जनसुनवाई कार्यक्रम में मंत्री श्री भगवान सिंह कुशवाहा ने सुनीं आमजनों की समस्याएँ, त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

पटना। शुक्रवार को जद (यू) प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के मा0 मंत्री श्री भगवान सिंह कुशवाहा ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। मा0 मंत्री ने प्रत्येक मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात की तथा समस्याओं के विधिसम्मत एवं त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी एवं कार्यक्रम समन्वय हेतु प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी श्री अरुण वर्मा चंद्रवंशी उपस्थित रहे। मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री श्री भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि मा0 श्री नीतीश कुमार जी ने बीते दो दशकों के शासनकाल में बिहार की तकदीर और तस्वीर बदलने का काम किया है। महिला सशक्तीकरण की दिशा में उन्होंने एक नई लकीर खींची है। बिहार में महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। मधुबनी गोलीकांड के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि संबंधित मामले में कार्रवाई की गई है। कानून अपना काम कर रहा है और मामले में नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Instagram
WhatsApp