ePaper

डीएम श्रीकांत शास्त्री ने डीटीओ ऑफिस का किया निरीक्षण

बेगूसराय: जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री द्वारा जिला परिवहन कार्यालय का  निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यालय में संचालित विभिन्न सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति का मूल्यांकन करना था। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन, कर संग्रहण, परमिट निर्गमन सहित अन्य परिवहन सेवाओं से संबंधित काउंटरों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कार्यालय में आने वाले आवेदकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों की जानकारी ली तथा सेवा प्रदान करने की प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी परिस्थिति में आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा कार्यों के निष्पादन में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने ऑनलाइन सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, शिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं हेल्प डेस्क को सक्रिय एवं जनोपयोगी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप सभी सेवाएं सरल, सुलभ एवं भ्रष्टाचारमुक्त वातावरण में उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी, बेगूसराय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Instagram
WhatsApp