ePaper

अरवल में भाजपा का भव्य विजय जुलूस, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

मो बरकतुल्लाह राही
अरवल:- 04मई:पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद अरवल जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार उत्साह के साथ विजय जुलूस निकाला। यह भव्य जुलूस भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में बाजे-गाजे और नारों के बीच अरवल प्रखण्ड मुख्यालय से निकलकर भगत सिंह चौक तक पहुंचा।
जुलूस में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें उत्साह और जोश साफ देखने को मिला। इस दौरान अरवल विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोज कुमार भी मौजूद रहे और उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया।
विधायक मनोज कुमार ने इस जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताते हुए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में शानदार जीत तथा अन्य राज्यों में बेहतर प्रदर्शन के लिए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
वहीं जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा को मिल रहा जनसमर्थन अभूतपूर्व है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के कथन को याद करते हुए कहा—“अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा।” उन्होंने कहा कि आज यह बात साकार होती दिख रही है और देश के अधिकांश हिस्सों में भाजपा की सरकारें सुशासन के आधार पर बन रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जीत की खुशी मनाई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस विजय जुलूस में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भास्कर कुमार, ओम जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष संजीत सिंह, गिरेन्द्र कुमार, सत्येंद्र विश्वकर्मा, जिला मंत्री अमृत राज उपाध्याय, जिला प्रवक्ता शंकर सहनी, चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला संयोजक ओम प्रकाश मिश्रा, वाणिज्य प्रकोष्ठ जिला संयोजक गौरव कुमार, अल्प संख्यक मोर्चा सज्जाद आलम, भाजपा नेता कुशवाहा चन्दन, पूर्व जिलाध्यक्ष रामविनय शर्मा, ज्योति रंजन, मंडल अध्यक्ष भरत यादव, चन्दन खत्री, आई टी संयोजक सुजीत कुमार, युवा मोर्चा रविकांत कुमार, सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।
Instagram
WhatsApp